कादूनाला ड्रेन की सफाई और चौड़ीकरण शुरू, तिलोई-सिंहपुर के किसानों को मिलेगी जलभराव से राहत
अमेठी जनपद के तिलोई क्षेत्र के किसानों की वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। 68 किलोमीटर लंबे कादूनाला ड्रेन की सफाई और चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है। 35 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य का शुभारंभ सोमवार दोपहर 1 बजे राज्यमंत्री राजा मयंकेश्वर शरण सिंह ने लोधवरिया मेडिकल कॉलेज के पास विधि-विधान से पूजन कर किया।
सिंचाई विभाग की ओर से कराए जा रहे इस कार्य को एक माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना के तहत ड्रेन की सफाई के साथ उसका चौड़ीकरण भी किया जाएगा, जिससे वर्षा के दौरान खेतों में जमा होने वाले पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सकेगी।
तिलोई और सिंहपुर क्षेत्र के किसानों को हर वर्ष बारिश के मौसम में जलभराव की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ता था। खेतों में पानी भर जाने से फसलें प्रभावित होती थीं और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। किसानों की इस समस्या को देखते हुए राज्यमंत्री ने ड्रेन की सफाई और चौड़ीकरण की पहल की।
राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि कादूनाला ड्रेन के सुचारु संचालन से हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि जलभराव से मुक्त होगी और किसानों की फसलें सुरक्षित रहेंगी।
कार्य शुरू होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में किसान मौके पर पहुंचे और इस पहल का स्वागत करते हुए सरकार तथा राज्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। किसानों ने कहा कि इस कार्य से खेती को बड़ा लाभ मिलेगा और फसलों के नुकसान की चिंता काफी हद तक कम हो जाएगी।