SBNewsAmethi

पुलिस ने परीक्षार्थी को अपने वाहन से 32 किमी दूर परीक्षा केंद्र पहुंचाया


अमेठी:उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान यूपी-112 की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण सामने आया। सोमवार दोपहर 01 बजे अयोध्या जनपद की एक महिला अभ्यर्थी को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाने के लिए यूपी-112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 32 किलोमीटर दूर स्थित केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाया, जिससे वह परीक्षा में शामिल हो सकीं।

मिल्कीपुर, अयोध्या निवासी अंजली पुत्री राधेश्याम परीक्षा देने अमेठी पहुंची थीं। दुर्गापुर चौराहे पर बस से उतरने के बाद उन्हें पता चला कि उनका परीक्षा केंद्र कालिकन इंटर कॉलेज, संग्रामपुर लगभग 32 किलोमीटर दूर है। समय कम होने और कोई साधन न मिलने पर उन्होंने यूपी-112 से सहायता मांगी।

सूचना मिलते ही पीआरवी-6907 के कमांडर हेड कांस्टेबल राजेश पाल, सब कमांडर कांस्टेबल नंदलाल यादव एवं पायलट होमगार्ड चालक ओम प्रकाश पाल मौके पर पहुंचे।

 टीम ने तत्काल कंट्रोल रूम से समन्वय स्थापित कर अभ्यर्थी को टीकरमाफी सीमा तक पहुंचाया, जहां पीआरवी-6905 के हेड कांस्टेबल रामनाथ यादव और कांस्टेबल संदीप वर्मा ने उन्हें अपने वाहन से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया।

समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचकर अंजली परीक्षा में शामिल हो सकीं। उन्होंने यूपी-112 और अमेठी पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की मदद से उनका सपना टूटने से बच गया। पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post