कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से की मुलाकात, जनहित और विकास को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता।
अमेठी। जनपद के नवागत जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने मंगलवार शाम कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मीडिया प्रतिनिधियों से औपचारिक मुलाकात कर जनपद के विकास एवं प्रशासनिक कार्यों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि जनहित, सुशासन और विकास को केंद्र में रखकर कार्य किया जाएगा तथा रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया जाएगा। पत्रकारों से संवाद करते हुए जिलाधिकारी ने अपने प्रशासनिक अनुभवों का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली से इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त की है तथा वे 2017 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं। इससे पूर्व वे मथुरा, अमरोहा और मेरठ सहित विभिन्न जनपदों में अलग-अलग प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के रूप में अमेठी उनकी पहली तैनाती है और जनपद के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा, जिससे फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि अमेठी में औद्योगिक विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। जनपद में स्थापित औद्योगिक क्षेत्रों एवं निवेश की संभावनाओं का बेहतर उपयोग कर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि उद्योगों के विस्तार और नए निवेश को प्रोत्साहित करने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा तथा लोगों की आय में वृद्धि होगी, जिससे समग्र सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलेगी। श्री चौधरी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की आधारशिला है। विद्यालयों के कायाकल्प, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की बड़ी आबादी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर निर्भर है। ऐसे में सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर बनाने, दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया प्रशासन और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करता है। मीडिया से प्राप्त फीडबैक और सुझावों से प्रशासन को जमीनी स्तर की समस्याओं को समझने तथा उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने में सहायता मिलती है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से सकारात्मक सहयोग एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी शिव दर्शन यादव सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रह