सलोन/ रायबरेली।
तहसील सलोन में विधायक अशोक कुमार कोरी की उपस्थिति में आंगनबाड़ी सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 06 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण में अपेक्षित सुधार के लिए 06 बच्चों के अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के 05 लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा कन्या जन्मोत्सव मनाकर बालिकाओं के जन्म को प्रोत्साहित करने एवं बेटियों के सम्मान का संदेश दिया गया।
विधायक अशोक कुमार कोरी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का कार्य सीधे समाज के भविष्य अर्थात बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और विकास से जुड़ा है। उन्होंने सभी कार्यकत्रियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई देते हुए कहा कि सरकार द्वारा महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्मिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।