SBNewsAmethi

पोषण, शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का हुआ सम्मान



सुपोषित बच्चों के अभिभावकों को पोषण किट एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को वितरित किए गए प्रमाण पत्र

रायबरेली, 
           मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ द्वारा आज मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन जन्मभूमि अयोध्या के राजकीय इण्टर कॉलेज (जी.आई.सी.) प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, मेधावी बच्चों तथा पोषण, शिक्षा एवं महिला कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली अधीक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
          इसी क्रम में जनपद रायबरेली के सभी तहसील मुख्यालयों तथा जनपद स्तर पर सामुदायिक केन्द्र, रतापुर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाध्यक्ष भाजपा बुद्धिलाल पासी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
          कार्यक्रम में  मुख्यमंत्री  के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया व उनके उद्बोधन को सुना गया।
          कार्यक्रम के दौरान सैम श्रेणी से सामान्य श्रेणी में परिवर्तित हुए 07 बच्चों के माता/पिता को पोषण किट देते हुए माला पहना कर अंग वस्त्र प्रदान किया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 कार्यकत्रियों, 07 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही महिला कल्याण विभाग की तरफ से मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के पांच लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिया गया साथ ही 11 कन्याओं का कन्या जन्मोत्सव केक काटकर कार्यक्रम मनाया गया समस्त बच्चों को बाल किट प्रदान की गई जनपद की समस्त तहसीलों में भी आंगनबाड़ी सम्मान कार्य क्रम आयोजित किया गया।
          कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग द्वारा कन्या जन्मोत्सव का भी आयोजन किया गया, जिसमें नवजात बालिकाओं एवं उनके परिवारों को बेबी किट आदि देकर सम्मानित करते हुए बालिकाओं के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने तथा समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया गया।
          जिलाध्यक्ष भाजपा बुद्धिलाल पासी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की सेवाएं समाज के सबसे महत्वपूर्ण वर्ग से सीधे जुड़ी हुई हैं। उन्होंने सम्मानित होने वाली कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान अन्य कार्मिकों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।
          मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि बाल विकास एवं पोषण से संबंधित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तभी संभव है, जब योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक समय से पहुंचे। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं तक पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने सभी कार्मिकों से पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
          कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा गया कि आंगनबाड़ी केन्द्र बच्चों के प्रारम्भिक विकास, पोषण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने तथा महिलाओं एवं बच्चों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रही हैं।
          मंच का संचालन एस0एस0 पाण्डेय द्वारा किया गया।
          इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी सहित सम्बन्धित अधिकारी व आगनाबाड़ी कार्यकत्री, सहायिका व महिलाये उपस्थित रही।  

Report by Devendra kori 

Post a Comment

Previous Post Next Post