SBNewsAmethi

प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले।


अमेठीl डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम, अमेठी में आयोजित प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न मंडलों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार आयोजित यह प्रतियोगिता 10 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक संचालित की जा रही है।
 प्रतियोगिता के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में क्रीड़ाधिकारी सुल्तानपुर राजेश कुमार सोनकर उपस्थित रहे। उनके साथ एम.एस. बेग (सुल्तानपुर) एवं टीम सेलेक्टर विनोद कनौजिया तथा सुरेंद्र सिंह चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रही। दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में प्रयागराज ने बरेली को 2-1 से हराकर जीत दर्ज की।
 मेरठ ने अयोध्या को 4-0 से पराजित किया। आजमगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देवीपाटन को 8-0 से हराया। वहीं मिर्जापुर ने गोरखपुर को 2-0 से शिकस्त दी। बस्ती और कानपुर के बीच खेला गया मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
इस अवसर पर उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, निर्णायकों एवं खेल कर्मियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 17 अगस्त 2026 को खेला जाएगा। प्रतियोगिता के संचालन में निर्णायक मंडल के सदस्यों सहित खेल विभाग अमेठी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

आयोजन को सफल बनाने में प्रशिक्षकों, खेल कर्मियों एवं स्वयंसेवकों का भी उल्लेखनीय योगदान रहा। मंच संचालन का कार्य डॉ. अब्दुल हसीब, प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज टीकरमाफी, अमेठी द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।


Post a Comment

Previous Post Next Post