SBNewsAmethi

डीएम के निर्देश पर विशेष शिविर का किया गया आयोजन


रायबरेली 
           जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशानुसार जनपद के विकास खण्ड सतांव, ग्राम पंचायत सुल्तानपुर खेड़ा के हिमाचलगंज (सीएचसी जटुआटप्पा क्षेत्र) में आधार (VAB कन्वर्ज़न) एवं नियमित टीकाकरण (रूटीन इम्यूनाइजेशन) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया, शिविर में स्वास्थ्य, पंचायती राज, बाल विकास पुष्टाहार, महिला कल्याण,  समाज कल्याण विभाग व अन्य संबंधित विभागों द्वारा प्रतिभाग किया गया,शिविर का उद्देश्य ऐसे बच्चों एवं परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है, जो आधार कार्ड के अभाव में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते थे।
       शिविर के प्रथम दिवस उत्साहजनक परिणाम प्राप्त हुए, शिविर में 10 बच्चों का सफलतापूर्वक टीकाकरण, 03 बच्चों का HPV वैक्सीनेशन किया गया। इनमें दो ऐसे जीरो-डोज़ बच्चे भी शामिल रहे, जिन्हें पहली बार जीवन रक्षक टीके लगाए गए। यह पहल बच्चों को पूर्ण प्रतिरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई, इसके साथ ही शिविर में 28 पात्र लाभार्थियों को आधार कार्ड, 08 लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया। आधार कार्ड बन जाने से अब इन परिवारों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में आसानी होगी।

        जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनपद के ऐसे सभी क्षेत्रों को चिन्हित किया जाए, जहाँ आधार कार्ड अथवा टीकाकरण से संबंधित किसी प्रकार की समस्या हो।

 उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र बच्चे का शत-प्रतिशत टीकाकरण एवं प्रत्येक पात्र व्यक्ति का आधार पंजीकरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

 इसके लिए स्वास्थ्य विभाग,  आधार पंजीकरण एजेंसियों एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाया जाए।

        शिविर में उपस्थित स्थानीय लोगों एवं लाभार्थियों ने इस सराहनीय पहल के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आधार कार्ड न होने के कारण उन्हें लंबे समय से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अब आधार कार्ड उपलब्ध होने और बच्चों के नियमित टीकाकरण से उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी तथा बच्चों का भविष्य अधिक सुरक्षित होगा।

         प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि तीन दिवसीय विशेष शिविर का अधिक से अधिक लाभ
उठाते हुए पात्र बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं तथा जिनका आधार कार्ड अभी तक नहीं बना है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर अपना पंजीकरण कराएं।
     इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी व लाभार्थी उपस्थित रहें।

Post a Comment

Previous Post Next Post