SBNewsAmethi

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण संबंधी बैठक सम्पन्न।


मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित मतदान स्थलों पर जताई सहमति।
अमेठी। गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली के निरंतर पुनरीक्षण कार्य के अंतर्गत मतदेय स्थलों के प्रस्तावों पर विचार-विमर्श हेतु बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष गौरीगंज में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक चौधरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

 बैठक में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, जनपद के विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित प्रतिनिधियों का परिचय प्राप्त किया तथा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली के निरंतर पुनरीक्षण संबंधी कार्यों की जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि अर्हता तिथि 01 नवम्बर 2025 के आधार पर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। बैठक में चिन्हित 09 प्रस्तावित मतदान स्थलों तथा उनके विस्तार क्षेत्र की सूची उपस्थित प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई। 

संबंधित मतदान स्थलों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई तथा सुझाव आमंत्रित किए गए। विचार-विमर्श के उपरांत उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित मतदान स्थलों पर अपनी सहमति व्यक्त की। 

जिलाधिकारी ने बैठक में बताया कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत निर्वाचक नामावली का निरंतर पुनरीक्षण कार्य जारी है।

 ऐसे पात्र शिक्षक जिनका नाम अब तक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सका है, वे नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि तक अपना नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण अवधि के दौरान प्राप्त परिवर्धन, विलोपन एवं संशोधन से संबंधित सूचनाओं को प्रत्येक माह जनपद की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे संबंधित व्यक्ति एवं संगठन उन्हें डाउनलोड कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

 जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने स्तर पर पात्र शिक्षकों को जागरूक करते हुए फार्म-19 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र शिक्षक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी तथा अपना दल (एस) के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और निर्वाचन संबंधी विभिन्न बिंदुओं पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

Report by Devendra kori 

Post a Comment

Previous Post Next Post