रायबरेली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायबरेली में विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) जागरूकता सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। 18 से 24 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से एंटीबायोटिक समेत रोगाणुरोधी दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग और इनके अनावश्यक इस्तेमाल से बढ़ते प्रतिरोध के प्रति चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों और विद्यार्थियों को जागरूक किया जा रहा है। अभियान के तहत सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई), जागरूकता वॉकथॉन, प्रशिक्षण सत्र और अस्पताल संक्रमण नियंत्रण मैनुअल के संस्करण 2.0 का विमोचन किया गया।
कार्यक्रमों की शुरुआत 18 नवंबर को एंटीमाइक्रोबियल स्टीवर्डशिप प्रैक्टिसेज विषय पर आयोजित सीएमई से हुई। इसका आयोजन अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता वाली एंटीमाइक्रोबियल स्टीवर्डशिप प्रोग्राम समिति और माइक्रोबायोलॉजी विभाग ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में डीन (अकादमिक) डॉ. नीरज कुमारी और डीन (परीक्षा) डॉ. प्रगति गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। एम्स जोधपुर के मेडिसिन विभाग से डॉ. दीपक कुमार अतिथि विशेषज्ञ के रूप में मौजूद रहे।
एंटीबायोटिक के विवेकपूर्ण इस्तेमाल पर विशेषज्ञों ने दिया जोर,
सीएमई के दौरान अस्पताल संक्रमण नियंत्रण (एचआईसी) मैनुअल के संस्करण 2.0 का विमोचन किया गया। कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन की अध्यक्षता में तैयार इस मैनुअल का उद्देश्य संस्थान के सभी विभागों में संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण से जुड़ी प्रक्रियाओं को एकरूप बनाना तथा मरीजों की सुरक्षा को और मजबूत करना है।
मुख्य अतिथि व्याख्यान में डॉ. दीपक कुमार ने स्वास्थ्य संस्थानों में प्रभावी एंटीमाइक्रोबियल स्टीवर्डशिप कार्यक्रम विकसित करने की व्यावहारिक रूपरेखा प्रस्तुत की।
अस्पताल संक्रमण नियंत्रण की प्रक्रियाओं को एकरूप बनाने और मरीजों की सुरक्षा मजबूत करने की दिशा में अहम पहल।
माइक्रोबायोलॉजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. शेफाली गुप्ता ने संस्थागत एंटीबायोग्राम के महत्व और उपयोग पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. श्वेता सिंह, डॉ. अनिरुद्ध मुखर्जी, डॉ. कालीचरण दास और डॉ. नमिता मिश्रा ने एंटीबायोटिक के विवेकपूर्ण उपयोग, स्टीवर्डशिप की रणनीतियों, क्रिटिकल केयर में दवाओं की उचित खुराक और बच्चों में संक्रमण के उपचार से जुड़े पहलुओं पर जानकारी दी।
जागरूकता सप्ताह के दूसरे दिन 19 नवंबर को संस्थान परिसर में एएमआर जागरूकता वॉकथॉन निकाला गया। इसका नेतृत्व कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन, डीन (अकादमिक) डॉ. नीरज कुमारी, एएमएसपी समिति के अध्यक्ष डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव और उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. किमार धर्मेन्द्र सिंह ने किया। इसमें संकाय सदस्यों, रेजिडेंट डॉक्टरों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने 'सही दवा, सही खुराक' और 'सही उपयोग करें, जंग जीतें' जैसे संदेशों के माध्यम से रोगाणुरोधी दवाओं के जिम्मेदार इस्तेमाल का संदेश दिया।
वॉकथॉन का समन्वय माइक्रोबायोलॉजी विभाग की डॉ. श्वेता सिंह ने किया।
तीसरे दिन 20 नवंबर को नर्सिंग अधिकारियों के लिए डायग्नोस्टिक स्टीवर्डशिप पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. शेफाली गुप्ता ने प्रशिक्षण देते हुए नमूनों के सही तरीके से संग्रह की महत्ता बताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि संक्रमण की सटीक पहचान और एंटीबायोटिक के उचित इस्तेमाल की शुरुआत सही नमूना संग्रह से होती है।
एम्स प्रशासन के अनुसार, सप्ताह भर चलने वाली इन गतिविधियों का उद्देश्य रोगाणुरोधी प्रतिरोध की चुनौती से निपटने के लिए संस्थान में जागरूकता, बेहतर चिकित्सकीय प्रक्रियाओं और संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था को मजबूत करना है।