SBNewsAmethi

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान से बदली सोमिल सिंह की जिंदगी।


अमेठी। “सही मार्गदर्शन, सरकारी योजनाओं का लाभ और दृढ़ संकल्प किसी भी व्यक्ति के जीवन की दिशा बदल सकता है।” यह बात जनपद अमेठी के निवासी  सोमिल सिंह की सफलता की कहानी को देखकर सहज ही समझी जा सकती है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के माध्यम से उन्होंने न केवल अपने लिए रोजगार का सृजन किया, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराने का सराहनीय कार्य किया है।
            जनपद अमेठी के एक साधारण परिवार से संबंध रखने वाले सोमिल सिंह लंबे समय से स्वरोजगार स्थापित करने का सपना देख रहे थे। आर्थिक संसाधनों की कमी और उचित मार्गदर्शन के अभाव में उनका सपना साकार नहीं हो पा रहा था। परिवार की जिम्मेदारियों के बीच वे लगातार किसी ऐसे अवसर की तलाश में थे, जिससे सम्मानजनक आजीविका के साथ-साथ समाज में भी अपनी पहचान बना सकें। इसी दौरान उद्योग विभाग के जागरूकता शिविर में उन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जानकारी प्राप्त हुई। शिविर में उन्हें बताया गया कि प्रदेश सरकार युवाओं को स्वरोजगार हेतु वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही है। इस जानकारी ने उनके मन में नई आशा का संचार किया और उन्होंने स्वयं का उद्यम स्थापित करने का निर्णय लिया।
          सोमिल सिंह ने रेडीमेड गारमेंट्स एवं सिलाई कार्य से संबंधित एक इकाई स्थापित करने की योजना बनाई। उन्होंने योजना के अंतर्गत आवेदन किया। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र तथा संबंधित विभागों के सहयोग से उनका आवेदन स्वीकृत हुआ और उन्हें लगभग 5 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस आर्थिक सहायता ने उनके सपनों को साकार करने की मजबूत नींव रखी। ऋण प्राप्त होने के बाद उन्होंने आवश्यक मशीनें खरीदीं और अपने क्षेत्र में रेडीमेड गारमेंट्स निर्माण एवं सिलाई कार्य की इकाई स्थापित की। प्रारंभिक दिनों में बाजार में पहचान बनाना एक चुनौती थी। सीमित ग्राहक और कम बिक्री के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया तथा स्थानीय स्तर पर प्रचार-प्रसार के माध्यम से ग्राहकों तक अपनी पहुंच बनाई।
         धीरे-धीरे उनके उत्पादों की मांग बढ़ने लगी। ग्राहकों ने उनके कार्य की गुणवत्ता और समयबद्ध सेवा की सराहना की। कुछ ही महीनों में उनकी इकाई की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। आज उनकी इकाई नियमित रूप से कार्य कर रही है और क्षेत्र में एक सफल उद्यम के रूप में पहचान बना चुकी है।
         इस सफलता का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि सोमिल सिंह ने केवल स्वयं को आत्मनिर्भर नहीं बनाया, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित किए। वर्तमान में उनकी इकाई में कई लोग कार्य कर रहे हैं और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है। सोमिल सिंह का कहना है कि यदि उन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जानकारी न मिलती और समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध न होती, तो शायद उनका स्वरोजगार स्थापित करने का सपना अधूरा रह जाता। वे बताते हैं कि सरकार की योजनाएं वास्तव में युवाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की क्षमता रखती हैं, बशर्ते लोग उनके बारे में जानकारी प्राप्त करें और उनका लाभ उठाएं।
         मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  का स्पष्ट मत है कि उत्तर प्रदेश का युवा प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान इसी सोच का परिणाम है, जिसके माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री  का मानना है कि जब युवा आत्मनिर्भर बनेंगे, तब प्रदेश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने अनेक अवसरों पर कहा है कि प्रदेश सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। सोमिल सिंह की सफलता इस बात का प्रमाण है कि सरकार की योजनाएं जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से कार्य कर रही हैं और युवाओं के जीवन में वास्तविक परिवर्तन ला रही हैं।
         जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने जनपद अमेठी में विभिन्न विभागों को निर्देशित किया है कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। जिलाधिकारी का कहना है कि जब कोई युवा स्वरोजगार स्थापित करता है, तो वह केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं करता, बल्कि समाज और क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।


Post a Comment

Previous Post Next Post