रायबरेली,
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों एवं लक्ष्यों की समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत जनजागरूकता को विशेष प्राथमिकता दी जाए तथा अधिक से अधिक संख्या में पौधे रोपे जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के साथ-साथ सुरक्षित परिसरों वाले सरकारी कार्यालयों एवं अन्य संस्थानों में भी बड़े पैमाने पर पौधारोपण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी 05 जून, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सिंचाई, कृषि, पशुपालन, शिक्षा, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, बाल विकास एवं पुष्टाहार, मनरेगा सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को वृक्षारोपण हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। साथ ही गंगा एवं सई नदी के उपयुक्त तटबंधों पर विशेष रूप से पौधरोपण कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने जनपद की गौशालाओं में भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि वहां छायादार वृक्षों के पौधे लगाए जाएं, जिससे गोवंश को पर्याप्त छाया उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के बाद पौधों की सुरक्षा एवं नियमित सिंचाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लगाए गए पौधे सुरक्षित रह सकें और उनका समुचित विकास हो सके। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनसामान्य को जागरूक करने के लिए व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग प्रखर मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उपायुक्त एनआरएलएम सविता सिंह, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।