SBNewsAmethi

शिव भक्ति और सकारात्मक वातावरण समाज की ताकत- मुख्यमंत्री

भव्य श्री शिव महापुराण कथा में सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ


रायबरेली-
          भव्य श्री शिव महापुराण कथा के आयोजन के अवसर पर चडरई टोल प्लाजा, निकट बाबूगंज, ऊँचाहार में  मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ  ने सम्मिलित होकर व्यासपीठ पर विराजमान कथा वाचक  पं० प्रदीप मिश्रा  के मुखारविंद से  शिव महापुराण कथा का श्रवण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
          कार्यक्रम के दौरान  मंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग, उत्तर प्रदेश मनोज कुमार पांडेय द्वारा  मुख्यमंत्री  का साल पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

           मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने अपने उद्बोधन में पवित्र व्यासपीठ पर विराजमान कथा वाचक  पं० प्रदीप मिश्रा  का हृदय से वंदन एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि शिव भक्ति की धारा को प्रवाहित करने वाले पं० प्रदीप मिश्रा  की कथा का श्रवण करने के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

           मुख्यमंत्री  ने कहा कि हमारी वेशभूषा एवं रहन-सहन अलग हो सकता है, लेकिन सभी श्रद्धालुओं के मन में भक्ति एवं शक्ति का भाव समान होता है। उन्होंने कहा कि उन्हें विभिन्न आयोजनों में इस पावन कथा को सुनने, जानने और नजदीक से समझने का अवसर प्राप्त हुआ है। इस प्रकार के धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है और सकारात्मक वातावरण ही समाज की वास्तविक ताकत है।
           मुख्यमंत्री  ने श्री शिव महापुराण कथा के भव्य आयोजन के लिए  मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


           मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि दो संतों का महामिलन सनातन के गौरव का अविस्मरणीय क्षण है। श्री शिव महापुराण कथा के पावन मंच पर  मुख्यमंत्री आदरणीय श्री योगी आदित्यनाथ  एवं व्यासपीठ पर विराजमान परम पूज्य पं० प्रदीप मिश्रा जी का आत्मीय मिलन देखकर मन श्रद्धा और आनंद से अभिभूत हो उठा है।

          उन्होंने कहा कि  मुख्यमंत्री के प्रेरणादायी आशीर्वचन एवं परम पूज्य पं० प्रदीप मिश्रा जी के सानिध्य ने इस पावन अवसर को और भी दिव्य एवं स्मरणीय बना दिया है। एक ओर तप, सेवा और सनातन के प्रति समर्पण तथा दूसरी ओर शिव भक्ति एवं कथा की अविरल साधना, दोनों संत व्यक्तित्वों का यह मिलन उनके लिए अत्यंत भावपूर्ण एवं सदैव स्मरणीय रहेगा।

          इस अवसर पर  प्रभारी मंत्री/ मंत्री खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग, उ०प्र० राकेश सचान, मा० राज्यमंत्री उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, भारत सरकार बी०एल० वर्मा, म विधायक सलोन अशोक कुमार कोरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post