SBNewsAmethi

विशेष लोक अदालत का आयोजन 21, 22 व 23 अगस्त को



रायबरेलीः
          न्याय को सरल, सुलभ एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से आमजन तक पहुँचाने तथा आपसी सहमति एवं समझौते के माध्यम से विवादों का शांतिपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मा मुख्य न्यायाधीश सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देशन में समाधान समारोह 2026 के अन्तर्गत सम्पूर्ण भारत वर्ष में विशेष लोक अदालत अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से सर्वोच्च न्यायालय में लंबित वादों का निस्तारण सुलह एवं समझौते के आधार पर किया जाएगा।

          सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायबरेली अनिशा ने जानकारी देते हुए बताया है कि मा जनपद न्यायाधीश अमित पाल सिंह के निर्देशन में न्याय प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य में 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा इस आयोजन में ऐसे वाद जो सर्वोच्च न्यायालय में लंबित है तथा जिनमें समझौते की संभावना है, उन्हे आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में निस्तारित किये जाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समाधान समारोह 2026 का उद्देश्य केवल वादों का निस्तारण करना ही नहीं, बल्कि पक्षकारों के मध्य आपसी संबंधों को बनाए रखते हुए त्वरित, सस्ता एवं सरल न्याय उपलब्ध कराना भी है। विशेष लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को वर्षों तक न्यायालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा समय एवं धन दोनों की बचत होगी।

          जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली द्वारा जनसामान्य से अपील की गई कि अधिक से अधिक लोग इस विशेष लोक अदालत अभियान से जुड़कर अपने लंबित वादों का सौहार्दपूर्ण समाधान प्राप्त करें तथा न्याय को सरल एवं सुलभ बनाने में सहयोग प्रदान करें। अधिक जानकारी एवं सहायता हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post