SBNewsAmethi

नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी आम आदमी पार्टी: इन्द्रमोहन सिंह”

 

रायबरेली//राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी आम आदमी पार्टी संजय सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत रायबरेली में विद्युत पावर हाउस के समक्ष धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। 

इसके उपरांत जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन को सिटी मजिस्ट्रेट राम औतार ने प्राप्त किया तथा सम्बन्धित तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।  कार्यक्रम का नेतृत्व आम आदमी पार्टी के प्रांतीय उपाध्यक्ष इन्द्रमोहन सिंह ने किया।  

धरने को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लगातार बढ़ती बिजली दरों, अघोषित बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर की समस्याओं ने आम जनता का जीना दूभर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है और जनता को राहत देने के बजाय आर्थिक बोझ बढ़ाने का कार्य कर रही है।

वरिष्ठ आप नेता एवं ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष राममोहन श्रीवास्तव ‘रामू’ ने कहा कि विपक्ष की जिम्मेदारी केवल सवाल उठाना नहीं, बल्कि जनता की आवाज को मजबूती से शासन तक पहुंचाना भी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, बढ़ी हुई दरें वापस नहीं ली गईं तथा स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों का समाधान नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी प्रदेशभर में व्यापक जनांदोलन छेड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी सड़क से लेकर सदन तक जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था और युवाओं का भविष्य लगातार संकट में है। प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं ने लाखों युवाओं के सपनों को झटका पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि सरकार न तो बिजली व्यवस्था संभाल पा रही है और न ही युवाओं के भविष्य की सुरक्षा कर पा रही है। आम आदमी पार्टी शिक्षा, रोजगार और बिजली जैसे बुनियादी मुद्दों पर जनता के साथ खड़ी है तथा सरकार की जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगी।  श्री सिंह ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह बनाना लोकतंत्र की मूल भावना है और पार्टी प्रदेश की जनता के हितों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष निरंतर जारी रखेगी।

कार्यक्रम में  प्रदेश सचिव विकास वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष पुनीत सिंह जगधारी एडवोकेट, पी.के. सिंह, जिला महासचिव गोवर्धन पटेल, पूर्व जिला महासचिव नीरज, दीपक गुप्ता, नीतू सिंह, अनुज जायसवाल, देवेंद्र पाल, रवि द्विवेदी एडवोकेट, कृष्ण मनोहर मिश्र एडवोकेट, अमरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post