SBNewsAmethi

पंचायत भवन का निरीक्षण कर ऑनलाइन सेवाओं का लिया जायजा, आयुष्मान कार्ड वितरित कर लाभार्थियों को किया सम्मानित।

 



सरकार आपके द्वार' कार्यक्रम के तहत जनसमस्याओं के समाधान एवं योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर दिया जोर।
अमेठी। उत्तर प्रदेश सरकार में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की राज्यमंत्री तथा जनपद अमेठी की प्रभारी मंत्री  प्रतिभा शुक्ला ने शुक्रवार को अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान विकासखंड बहादुरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत रामपुर जमालपुर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। 
भाजपा जिला मंत्री एडवोकेट नीलम कोरी प्रभारी मंत्री को पुष्प कुछ देकर स्वागत करते हुए 

चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग)  मयंकेश्वर शरण सिंह, जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी., भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। 
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, विद्युत कनेक्शन, नाली निर्माण, भूमि पैमाइश, वृद्धावस्था एवं अन्य पेंशन योजनाओं, जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत सहित विभिन्न जनसमस्याओं को प्रभारी मंत्री के समक्ष रखा। 
समस्याओं को सुनने के बाद प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और चौपाल में प्राप्त सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पांच दिवस के भीतर किया जाए तथा इसकी रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाए। 
प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने रामपुर जमालपुर में लगाई चौपाल, ग्रामीणों की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश।

अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री  प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि केंद्र सरकार के सुशासन, सेवा एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 'सरकार आपके द्वार' कार्यक्रम के माध्यम से जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
 गांव-गांव तक आवास, शौचालय, नल से जल, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, पेंशन एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकाधिक लाभ उठाएं। 
प्रभारी मंत्री ने कहा कि शासन की मंशा केवल योजनाएं संचालित करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उनका लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करें। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री श्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की डबल इंजन व्यवस्था के परिणामस्वरूप गांवों में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

 उन्होंने कहा कि चौपाल जैसे कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम हैं, जिससे स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले और किसी भी व्यक्ति को सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहना पड़े। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सहभागी बनने तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग करने का आह्वान किया। 

चौपाल के दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा आयुष्मान भारत योजना के पांच लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। उन्होंने लाभार्थियों को योजना की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना जरूरतमंद परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

 वही चौपाल में प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया एवं पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा 6 माह के बच्चों को प्रथम बार अन्नप्राशन कराया। इससे पूर्व प्रभारी मंत्री ने ग्राम पंचायत रामपुर जमालपुर में निर्मित पंचायत भवन का निरीक्षण किया तथा वहां संचालित ऑनलाइन सेवाओं, जनसेवा सुविधाओं एवं अभिलेखीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 
उन्होंने पंचायत भवन के माध्यम से ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान प्रभारी मंत्री ने पंचायत भवन परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
 उन्होंने जनपदवासियों से वर्षाकाल में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम का समापन ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने एवं उनकी समस्याओं के समाधान के आश्वासन के साथ हुआ।

इस अवसर  पर जिला महामंत्री  रामकृष्ण भारती, जिला उपाध्यक्ष  भवानी दत्त दीक्षित, पूर्व प्रमुख रमेश बहादुर सिंह , , जिला मंत्री एडवोकेट नीलम कोरी,पूर्व जिला महामंत्री भागीरथी मौर्य, जिला मंत्री  आशा बाजपेई जी, मंडल अध्यक्ष  पंकज अवस्थी,  चंद्रपाल यादव जी,  अनोखेलाल सोनकर, जिला कार्य समिति सदस्य  अमर सिंह जी,  पूनम पांडे, मंडल महामंत्री राम प्रकाश यादव , मंडल उपाध्यक्ष  कंचन वर्मा, अनिल श्रीवास्तव , आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।
रिपोर्टर देवेंद्र कोरी 

Post a Comment

Previous Post Next Post