SBNewsAmethi

खरीफ-2026 में तिल उत्पादन को बढ़ावा, पात्र एफपीओ से 5 जून तक मांगे गए आवेदन।


अमेठी। उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार नेशनल मिशन ऑन एडिबिल ऑयल (ऑयलसीड्स) योजनान्तर्गत खरीफ-2026 में जनपद में तिल के 200 हेक्टेयर क्लस्टर प्रदर्शनों हेतु प्रस्तावित लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इस योजना के अंतर्गत क्लस्टर प्रदर्शनों का प्रबंधन वैल्यू चेन पार्टनर (तिलहनी एफपीओ) के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वैल्यू चेन पार्टनर के रूप में पात्र किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) का चयन डिस्ट्रिक्ट एक्जीक्यूटिव कमेटी द्वारा किया जाएगा। 

इसके लिए इच्छुक एवं पात्र एफपीओ अपने आवेदन/प्रस्ताव उप कृषि निदेशक कार्यालय, अमेठी में दिनांक 05 जून 2026 तक प्रस्तुत कर सकते हैं। उप कृषि निदेशक ने बताया कि वैल्यू चेन पार्टनर हेतु एफपीओ के लिए कुछ निर्धारित पात्रता मानदंड तय किए गए हैं। इसके अनुसार एफपीओ का कम्पनी अधिनियम अथवा सहकारिता अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत होना अनिवार्य है।

 साथ ही एफपीओ को कम से कम तीन वर्ष का कार्यानुभव होना चाहिए तथा उसमें न्यूनतम 200 किसान पंजीकृत होने चाहिए। इसके अतिरिक्त एफपीओ का पिछले तीन वर्षों का औसत वार्षिक कारोबार 9 लाख रुपये से अधिक होना चाहिए तथा किसानों द्वारा एफपीओ में कम से कम 3 लाख रुपये की इक्विटी निवेशित होनी चाहिए। 

उप कृषि निदेशक ने जनपद के समस्त इच्छुक एवं पात्र एफपीओ से निर्धारित समयावधि में आवेदन/प्रस्ताव प्रस्तुत कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से तिल उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों की आय में वृद्धि तथा तिलहनी फसलों की वैल्यू चेन को मजबूत करने में सहायता मिलेगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post