अमेठी। रविवार को दोपहर 12 बजे आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के दौरान निरीक्षण में लापरवाही मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) अमेठी डॉ. अंशुमान सिंह ने ब्लॉक जगदीशपुर क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रानीगंज में आयोजित स्वास्थ्य मेले का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सक डॉ. प्रदीप तिवारी एवं फार्मासिस्ट मनोज मिश्रा उपस्थित मिले, जबकि मेले में तैनात पैरामेडिकल टीम के सदस्य चिकित्सक डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव, लैब टेक्नीशियन विजय प्रकाश, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनुपस्थित पाए गए।
सीएमओ ने अनुपस्थित पाए गए सभी कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनका एक दिन का वेतन अवरुद्ध कर दिया। साथ ही चेतावनी जारी करते हुए कहा कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मियों की वार्षिक वेतन वृद्धि (इन्क्रीमेंट) भी रोकी जा सकती है।
डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि जनपद के 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले के दौरान कुल 1460 मरीजों का निःशुल्क उपचार किया गया। मरीजों को जांच, दवा और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी मुफ्त उपलब्ध कराया गया।
इसके अलावा मेले में 63 आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए गए, जिससे पात्र लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल सके। स्वास्थ्य विभाग ने मेले को सफल बताते हुए सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया है।
Cmoamethi Amethi DM Amethi Yogi Adityanath Brajesh Pathak #followerseveryone #PramodTiwari #allfollowers #follower