SBNewsAmethi

ज्येष्ठ माह के अंतिम मंगलवार पर श्रद्धा और भक्ति में सराबोर हुआ रायबरेली, समाजसेवियों ने किया प्रसाद वितरण



रायबरेली
ज्येष्ठ माह के अंतिम मंगलवार के पावन अवसर पर संपूर्ण जनपद प्रभु श्रीराम भक्त हनुमान भक्ति में सराबोर दिखाई दिया। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित भंडारों एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रमों में हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया। कोतवाली रोड, बस स्टॉप, कैपरगंज, घंटाघर, तिलक भवन, अस्पताल चौराहा, सिविल लाइन, डिग्री कॉलेज सहित नगर के लगभग सभी प्रमुख स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई थी।

इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रमों में पहुंचकर श्रद्धालुओं के मध्य प्रसाद वितरित किया तथा जनमानस को एकता, सेवा और श्रद्धा का संदेश दिया। समाजसेवी संगठन के पदाधिकारियों ने शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में उपस्थित होकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया और प्रसाद वितरण में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

के.डी. मालवीय विद्यालय में टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिमेष श्रीवास्तव एडवोकेट, कोतवाली रोड के निकट दिनेश त्रिवेदी, तिलक भवन में भाग्य नारायण गुप्ता, सहित सम्पूर्ण जनपद में अनेक श्रद्धालुओं द्वारा प्रसाद वितरण किया गया। वहीं जनपद के विभिन्न मंदिरों में भक्तों ने हनुमान जी का पूजन-अर्चन कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

श्रद्धा के इस महापर्व पर व्यापार मंडल अध्यक्ष बसन्त सिंह बग्गा, प्रदेश संगठन मंत्री मुकेश रस्तोगी, टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिमेष श्रीवास्तव एडवोकेट, सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष ओ.पी. यादव सहित अनेक राजनीतिक, सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों ने विभिन्न कार्यक्रमों में पहुंचकर सहभागिता की। सभी ने श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया तथा सेवा कार्यों में सहयोग प्रदान करते हुए आयोजनकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।

पूरे दिन जय श्रीराम एवं जय बजरंगबली के जयघोषों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर अपनी आस्था व्यक्त की और भगवान हनुमान से जनकल्याण एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post