रायबरेली,
28 मई महावारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर रायबरेली के राही, हरचंदपुर, अमावा, एवं सताओ ब्लॉक में बाल रक्षा भारत के “सखी एनीशिएटिव टू सिक्योर हर फ्यूचर” कार्यक्रम के तहत महावारी जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को महावारी स्वच्छता (MHM) के प्रति जागरूक करना तथा उनसे जुड़े मिथकों और गलत धारणाओं को दूर करना था।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण महिलाओं, किशोरियों एवं समुदाय के अन्य लोगों को महावारी के समय स्वच्छता बनाए रखने, साफ एवं सुरक्षित सैनिटरी पैड के उपयोग, समय-समय पर पैड बदलने तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि महावारी एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इसके प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना बहुत आवश्यक है।
इस कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट असिस्टेंट ज्योति सिंह ने विशेष सहयोग प्रदान किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को महावारी स्वच्छता प्रबंधन (MHM Day) के महत्व के बारे में सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाया तथा लोगों को जागरूक और प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, प्रश्न पूछे तथा महावारी से जुड़ी समस्याओं एवं उनके समाधान के बारे में जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान बाल रक्षा भारत की सखी सहायक निशा शर्मा, विकास श्रीवास्तव, चंद्री हिंदुस्तानी, एवं सुनीता सिंह द्वारा जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से समुदाय में सकारात्मक संदेश पहुँचाने का प्रयास किया गया।
Report by Devendra kori